नई दिल्ली : फेसबुक पर आये दिन कुछ-न-कुछ वायरल होता रहता है। लोग किसी के भी बारे में कुछ भी कह देते हैं, शायद ऐसे लोगों को कानून व्यवस्था का ख्याल नहीं होता। ताज़ा मामले में एक फेसबुक पोस्ट वायरल हो रहा है, जिसमें सलमान खान और राहुल गाँधी को गोली मारने वालों को 50 लाख का इनाम देने का एलान किया गया है। जैसे ही फेसबुक की यह वायरल पोस्ट पुलिस की नजर में आई है, वैसे ही पूरा प्रशासन चौकन्ना हो गया है।
जिस शख्स ने यह घोषणा की है उसका नाम अरविंद सिंह चट्टान है और वह वाराणसी के इंद्रपुर का रहने वाला है। जानकारी के अनुसार अरविंद को रौनक एवं जागरुक समाज संस्था का अध्यक्ष बताया जा रहा है। अरविंद की फेसबुक वॉल पर दो पोस्ट हैं, जिनमें से एक में सलमान खान को जान से मारने के लिए 50 लाख रुपए का इनाम दिए जाने की बात कही गई है। वहीं दूसरी पोस्ट में अरविंद ने लिखा है कि राहुल गांधी को मारने की सुपारी दे रहा हूं, कौन है जो गोली मार सके, संपर्क करे। इतना ही नहीं, अपनी एक पोस्ट में अरविंद ने इस्लाम धर्म को निशाना बनाते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी भी की है।
अरविंद की फेसबुक प्रोफाइल की जांच करने से पता चला है कि वह अन्ना आंदोलनन से जुड़ा एक पूर्व पदयात्री है और शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र का प्रत्याशी भी रह चुका है। फिलहाल पुलिस अरविंद के बारे में अधिक से अधिक जानकारी जुटा कर उसके खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी में है।