नई दिल्ली : स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आम आदमी पार्टी को एक बड़ा झटका लगा है। आप नेता आशुतोष पार्टी से आज़ाद हो गए हैं। जी हाँ, कुमार विश्वास के बाद अब आशुतोष ने भी पार्टी का दामन छोड़ दिया है। इसकी घोषणा जल्द ही किए जाने की संभावना है। वही खबर है कि वो राजनीति से भी सन्यास ले सकते हैं और एक बार फिर पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रख सकते हैं।
हालांकि आशुतोष ने पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को कुछ महीने पहले ही अपना इस्तीफा सौंप दिया था, लेकिन इसे अभी तक मंजूर नहीं किया गया है। इसलिए अब वह सार्वजनिक तौर पर पार्टी छोड़ने की घोषणा करेंगे। उन्होंने अपने इस्तीफे में पार्टी छोड़ने की वजह नितांत निजी बताई है। आशुतोष के करीबी आप के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ बनी पार्टी में जिस मकसद से वह आए थे, उससे उन्हें पार्टी में भटकाव महसूस हो रहा है।
आम चुनाव से महज आठ महीने पहले आशुतोष जैसे कद्दावर नेता का पार्टी से जाना आप के लिए बड़ा झटका है। 2014 के चुनाव के दौरान मोदी लहर में वह चांदनी चौक से तीन लाख से अधिक वोट पाकर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री डा. हर्षवर्धन से एक लाख वोटों से हार गए थे। फिर भी वह कांग्रेस के पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल से सवा लाख वोटों से आगे रहे।